Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

Responsive Advertisement

गुना में जल निगम और लोक स्वास्थ्य यांत्रिक विभाग की समीक्षा बैठक, प्रमुख सचिव पी. नरहरि ने समयबद्ध और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए

 गुना कलेक्ट्रेट सभागार में आज लोक स्वास्थ्य यांत्रिक विभाग और जल निगम की विभागीय समीक्षा बैठक का आयोजन प्रमुख सचिव श्री पी. नरहरि की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। बैठक में गुना कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, अशोकनगर कलेक्टर श्री आदित्य सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी और विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक की शुरुआत स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों के साथ प्रमुख सचिव के स्वागत से हुई। जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए अनुसूचित विभाग के प्रमुख श्री बी. सिसोदिया को "नीर निकेतन" प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। साथ ही, "गंगा संवर्धन अभियान" में उल्लेखनीय कार्य करने वाले आठ अधिकारियों व कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे ने किया, जिन्होंने फायर फाइटर टैंकर के उपयोग पर प्रस्तुतिकरण भी दिया।

प्रमुख अभियंता द्वारा जिले की नल-जल योजनाओं की स्थिति की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि गुना के 427 ग्रामों में से 355 ग्राम 'हर घर जल' घोषित हो चुके हैं और 280 ग्रामों का प्रमाणीकरण भी पूर्ण हो गया है। शेष कार्य तेजी से प्रगति पर हैं।

प्रमुख सचिव श्री नरहरि ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नल-जल योजनाओं को निर्धारित समयसीमा और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक तक शुद्ध पेयजल पहुँचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए नवीन तकनीकों और नवाचारों का अधिकतम उपयोग किया जाए। निरंतर जल आपूर्ति की व्यवस्था पर बल देते हुए उन्होंने जल भंडारण प्रवृत्ति में कमी लाकर जल गुणवत्ता सुधारने पर भी जोर दिया।

गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए जिले के हेडपंपों की स्थिति, सुधार कार्यों और संभावित जल संकटग्रस्त ग्रामों की पहचान एवं समाधान की भी गहन समीक्षा की गई। प्रमुख सचिव ने निर्देशित किया कि ग्राम स्तरीय बैठकों के माध्यम से सरपंचों और सचिवों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए जाएं और नल-जल योजनाओं के संचालन को सशक्त बनाया जाए।


जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए स्वच्छ जल के अनिवार्य उपयोग पर भी विशेष बल दिया गया। उन्होंने आयोजनों और सामूहिक भोजों में स्वच्छ जल के उपयोग को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में जल निगम की गोपीकृष्णा मल्टी विलेज स्कीम और राजघाट मल्टी विलेज स्कीम की प्रगति पर भी चर्चा की गई। गोपीकृष्णा परियोजना की भौतिक प्रगति 70% और वित्तीय प्रगति 69% रही, जबकि राजघाट परियोजना की भौतिक प्रगति 71% दर्ज की गई। प्रमुख सचिव ने इन दोनों परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में कलेक्टर गुना श्री किशोर कुमार कन्याल ने प्रमुख सचिव श्री पी. नरहरि को जिले की विशेष पहचान, सुगंधित गुना धनिया भेंट कर सम्मानित किया।



Post a Comment

0 Comments