गुना। जिले में बढ़ते अपराधों पर नियंत्रण और लंबित आपराधिक मामलों के त्वरित निराकरण को लेकर पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने सोमवार 23 नवंबर 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम में अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना-चौकी प्रभारियों से उनके क्षेत्रों में अपराधों की स्थिति और पुलिस कार्रवाई की समीक्षा की गई। SP ने गंभीर अपराधों की विवेचना में तेजी लाने, फरार आरोपियों की धरपकड़ करने और अपराधों की रोकथाम के लिए नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।

पुलिस कंट्रोल रूम में हुई क्राइम मीटिंग, वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन, डीएसपी मुख्यालय जमील उद्दीन सिद्दीकी, सीएसपी गुना सैफा हाशमी, प्रभारी एसडीओपी राघौगढ़ विवेक अष्ठाना, एसडीओपी चांचौड़ा मनोज कुमार झा और रक्षित निरीक्षक पूजा उपाध्याय सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी मौजूद रहे।

लंबित गंभीर अपराधों की विवेचना में तेजी लाने के निर्देश

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में दर्ज अपराधों की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से लंबित गंभीर अपराधों की विवेचना में तेजी लाने और उनका समयसीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। SP ने स्पष्ट किया कि विवेचना गुणवत्तापूर्ण, तथ्यपरक और निष्पक्ष होनी चाहिए, ताकि दोषियों को सजा दिलाई जा सके और पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।

नशे, अवैध शराब और जुआ-सट्टे पर कार्रवाई के निर्देश

पुलिस अधीक्षक ने संपत्ति संबंधी अपराधों, महिला एवं बाल अपराधों और साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा। इसके साथ ही अवैध मादक पदार्थों के कारोबार, अवैध शराब, जुआ-सट्टा और संगठित आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सक्रियता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलेगा विशेष अभियान

बैठक में फरार आरोपियों, स्थाई वारंटियों और गिरफ्तारी वारंटियों की तलाश एवं गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया गया। आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखने के साथ अपराधों की रोकथाम के लिए नियमित गश्त और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता, शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

महिला सुरक्षा को लेकर SP ने संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने की हिदायत दी। महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई, पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार और उनकी शिकायतों का गंभीरता से निराकरण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आमजन की शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेकर उनका समयबद्ध और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।

पुलिस की जवाबदेही तय करने पर जोर

बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रमुख दायित्व आमजन में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बनाए रखना है। इसके लिए सभी अधिकारी जिम्मेदारी, सजगता और आपसी समन्वय के साथ काम करें।