गुना। जिले की म्याना तहसील के ग्राम गोलाखेड़ी निवासी एक युवक ने लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही महिला पर घर से 50 हजार रुपए नकद और सोने-चांदी के गहने लेकर चले जाने का आरोप लगाया है। युवक का कहना है कि वह पिता का इलाज कराने अस्पताल गया था, इसी दौरान महिला घर से नकदी और जेवर लेकर चली गई। पीड़ित ने महिला के परिजनों पर मारपीट करने और दो लाख रुपए मांगने के साथ ही पैसे नहीं देने पर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। मामले को लेकर युवक ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायती आवेदन दिया है।

तीन साल से लिव-इन में रह रहे थे दोनों, कोर्ट मैरिज की थी तैयारी

आवेदक अभिषेक कुशवाह पुत्र भारत सिंह कुशवाह ने अपने आवेदन में बताया कि मूल रूप से ग्राम खैजरा की रहने वाली एक महिला पिछले करीब तीन साल से उसके साथ रह रही थी। दोनों जल्द ही कोर्ट मैरिज करने की प्रक्रिया पूरी करने वाले थे। अभिषेक के अनुसार, उनके बीच शादी को लेकर सहमति बन चुकी थी और वह इसी तैयारी में था।

पिता का इलाज कराने गया, पीछे से 50 हजार रुपए और गहने लेकर जाने का आरोप

अभिषेक का आरोप है कि करवा चौथ के दूसरे दिन वह अपने पिता का इलाज कराने अस्पताल गया हुआ था। इसी दौरान महिला बिना बताए घर से चली गई। जब उसने घर में देखा तो वहां रखे 50 हजार रुपए नकद और गहने भी गायब थे। युवक के मुताबिक, यह रकम मक्का बेचकर लाई गई थी और घर में रखी हुई थी।

महिला के पूर्व पति के पास लौटने की मिली जानकारी

पीड़ित ने बताया कि महिला के घर से जाने के बाद उसकी तलाश की गई। बाद में जानकारी मिली कि वह अपने पूर्व पति के पास वापस चली गई है। इसके बाद अभिषेक ने महिला से संपर्क करने और पूरे मामले को समझने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी।

बूढ़े बालाजी में मिलने पहुंचा युवक, मारपीट का लगाया आरोप

अभिषेक के अनुसार, 2 नवंबर को वह महिला के रिश्तेदार से मिलने गुना के बूढ़े बालाजी क्षेत्र पहुंचा था। वहां महिला ने उसके साथ आने से साफ इनकार कर दिया। इसी दौरान महिला के जेठ हेमू कुशवाह नामक युवक ने उसके साथ मारपीट की। अभिषेक का कहना है कि इस घटना के बाद उसने 6 नवंबर को धरनावदा थाने में भी लिखित आवेदन देकर शिकायत की थी।

दो लाख रुपए मांगने और झूठे केस में फंसाने की धमकी का आरोप

पीड़ित ने अपने आवेदन में आगे आरोप लगाया है कि महिला का जेठ हेमू कुशवाह अब उससे दो लाख रुपए की मांग कर रहा है। अभिषेक का कहना है कि रकम नहीं देने पर उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी जा रही है। इन परिस्थितियों से परेशान होकर उसने अब एसपी कार्यालय पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है।

नकदी और गहने वापस दिलाने की मांग, पुलिस से न्याय की गुहार

अभिषेक कुशवाह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर पूरे मामले की जांच कराने, घर से ले जाए गए नकदी और गहने वापस दिलाने तथा मारपीट और धमकी देने के आरोपों पर कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर क्या कार्रवाई करती है।