गुना | 11 जुलाई 2026
गुना शहर के कैंट थाना क्षेत्र स्थित विद्यासागर नगर में शनिवार तड़के एक संगठित नकाबपोश गिरोह ने कॉलोनी में घुसकर कई घरों को निशाना बनाया। देर रात हुई इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना के सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे 5 से 7 नकाबपोश बदमाश कॉलोनी में पहुंचे। बदमाशों ने अलग-अलग मकानों के मुख्य दरवाजों के ताले किसी धारदार या भारी औजार से तोड़ दिए। शुरुआती जांच में 4 से 5 घरों को निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है, जबकि दो मकानों में बड़ी चोरी की पुष्टि हुई है।
पीड़ित परिवारों के अनुसार, एक घर से ब्रांडेड जूते, कपड़े सहित अन्य सामान चोरी हुआ है। वहीं दूसरे सूने मकान से सोने का मंगलसूत्र, अन्य आभूषण और नकदी गायब मिली। बदमाश घरेलू उपयोग का सामान भी अपने साथ ले गए, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उन्होंने घरों की पूरी तरह तलाशी ली।
घटना के सीसीटीवी फुटेज में कई नकाबपोश युवक कॉलोनी की गलियों में घूमते दिखाई दे रहे हैं। उनके हाथों में ताले तोड़ने के औजार और अन्य सामान नजर आ रहा है। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्तों की पड़ताल शुरू कर दी है।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि इसी इलाके में कुछ सप्ताह पहले भी चोरी की घटना हुई थी। लगातार हो रही वारदातों से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। रहवासियों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है
Continue With Google
Comments (0)