गुना। म्याना थाना क्षेत्र के ग्राम रीछई में 24 वर्षीय विवाहिता प्रियंका यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मायके पक्ष ने पति और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना तथा साजिश का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका के चाचा भीम सिंह यादव ने बताया कि प्रियंका की शादी करीब दो वर्ष पहले (23 अप्रैल 2024) मनीष यादव से हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही प्रियंका को लगातार प्रताड़ित किया जाता था और उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। उन्होंने बताया कि 6 जुलाई को प्रियंका के भाई की शादी थी, लेकिन पति ने उसे मायके माहौर जाने की अनुमति नहीं दी। परिवार का यह भी आरोप है कि यदि वह मायके गई तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी।
मायके पक्ष के अनुसार 10 जुलाई की शाम प्रियंका की तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों का आरोप है कि उसे साजिश के तहत कोई जहरीला पदार्थ दिया गया। वहीं, इसकी सूचना उन्हे रिस्तेदारों द्वारा दी गई
भीम सिंह यादव ने बताया कि जब वे जिला अस्पताल पहुंचे तो प्रियंका की हालत गंभीर थी और अस्पताल में ससुराल पक्ष का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। इलाज के दौरान प्रियंका ने दम तोड़ दिया। मृतका अपने पीछे एक छोटे बेटे को छोड़ गई है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल मायके पक्ष के आरोपों के आधार पर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Continue With Google
Comments (0)