अंधे कत्ल का खुलासा: रेंज भूमि विवाद में युवक की तौलिया से गला घोंटकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
गुना | 5 जुलाई 2026
गुना जिले के मृगवास थाना क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि रेंज भूमि पर खेती की शिकायत को लेकर चली आ रही रंजिश के चलते आरोपियों ने युवक की तौलिया से गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई 2026 को ग्राम बांसाहेड़ा स्थित फीडर के पास सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान 28 वर्षीय आजाद सिंह उर्फ नैना गुर्जर, निवासी ग्राम खजूरिया, थाना मृगवास के रूप में हुई। शव के गले में तौलिया लिपटा होने से हत्या की आशंका जताई गई और पोस्टमार्टम कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन तथा एसडीओपी चांचौड़ा मनोज कुमार झा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
फोन-पे ट्रांजैक्शन से मिला अहम सुराग
जांच के दौरान पता चला कि मृतक स्थानीय कलारी पर काम करता था। घटना वाली रात उसका दो युवकों से विवाद हुआ था। दोनों युवकों ने शराब का भुगतान फोन-पे के माध्यम से किया था। पुलिस ने डिजिटल भुगतान के आधार पर दोनों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
रेंज भूमि की शिकायत बनी हत्या की वजह
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक के पिता रंगलाल गुर्जर, जो गांव के चौकीदार हैं, ने उनकी रेंज भूमि पर अवैध खेती की शिकायत वन विभाग से की थी। शिकायत के कारण वे भूमि पर खेती और मक्के की बोवनी नहीं कर सके। इसी रंजिश के चलते घटना वाले दिन कलारी पर विवाद हुआ और बाद में दोनों आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से तौलिया से गला घोंटकर आजाद सिंह की हत्या कर दी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गले पर दबाव डालने से श्वासावरोध के कारण मौत की पुष्टि हुई, जिससे पुलिस की जांच और आरोपियों के बयान की पुष्टि हुई।
दो आरोपी गिरफ्तार, बाइक जब्त
पुलिस ने मृगवास थाना में अपराध क्रमांक 76/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर रामप्रसाद लोधा (34 वर्ष) और वीरम लोधा (32 वर्ष) निवासी ग्राम बांसाहेड़ा कला को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। पुलिस ने आरोपियों से घटनास्थल का रिक्रिएशन भी कराया है। मामले की विवेचना जारी है।
पुलिस की अपील
गुना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें और कानून अपने हाथ में न लें। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक एवं साक्ष्य-आधारित जांच के माध्यम से हर अपराध का पर्दाफाश कर दोषियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाया जाएगा।
Continue With Google
Comments (0)