गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले में नेशनल हाईवे-46 पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कानपुर से उज्जैन होते हुए रतलाम जा रही समय शताब्दी ट्रेवल्स की स्लीपर बस (UP78 FN1071) गुना बायपास मोड़ से पहले बिलोनिया के पास अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी और पेड़ों से टकरा गई। हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4:30 बजे हुए हादसे के समय बस यात्रियों से भरी हुई थी। बस में छोटे बच्चों के साथ उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालु भी सवार थे। बस के पलटते ही स्लीपर सीटों पर सो रहे यात्री फर्श पर गिर पड़े, जिससे बस के अंदर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में कानपुर निवासी अतुल वाजपेयी, उनकी पत्नी अल्का वाजपेयी, रेलवे भर्ती परीक्षा देने जा रहे प्रशांत गौतम, बस चालक राहुल मिश्रा और हेल्पर इमरान शामिल हैं।
हादसे के कारणों को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। अस्पताल में भर्ती चालक राहुल मिश्रा ने बताया कि अचानक स्टेयरिंग का ऑयल निकल जाने से स्टेयरिंग जाम हो गया था, जिसके कारण बस पर नियंत्रण नहीं रखा जा सका। वहीं, कुछ यात्रियों का आरोप है कि रास्ते में ड्राइवर की शिफ्ट बदली गई थी और नए चालक को नींद का झोंका आने के कारण यह दुर्घटना हुई।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।
(गुना से कैलाश कुशवाह की रिपोर्ट)
Continue With Google
Comments (0)