गुना | 19 मई 2026
ऑनलाइन दवा व्यापार और केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में 20 मई को प्रदेशभर में केमिस्ट-ड्रगिस्ट एसोसिएशन द्वारा बंद रखा जाएगा। इस बंद का असर गुना में भी देखने को मिलेगा, जहां अधिकांश निजी मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे।
हालांकि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जरूरी इंतजाम किए हैं, ताकि मरीजों को दवाइयों और इलाज के लिए परेशानी न उठानी पड़े।
कलेक्टर के निर्देश पर सीएमएचओ डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर ने बताया कि बंद के दौरान जिले के कई जन औषधि केंद्र और निजी अस्पतालों के मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे। सिविल अस्पताल, कैंट चौराहा और भगत सिंह चौक स्थित जन औषधि केंद्रों पर दवाइयां उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा आशीर्वाद हॉस्पिटल, सहयोग नर्सिंग होम, बालाजी नर्सिंग होम, ममता नर्सिंग होम और एजेएस हॉस्पिटल के मेडिकल स्टोर भी सेवाएं देते रहेंगे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले के सभी सरकारी अस्पताल और नर्सिंग होम सामान्य दिनों की तरह संचालित होंगे, ताकि इमरजेंसी और गंभीर मरीजों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
वहीं दूसरी ओर 'मध्य प्रदेश केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन' का कहना है कि ऑनलाइन दवा व्यापार ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट का उल्लंघन कर रहा है। एसोसिएशन का आरोप है कि बिना फार्मासिस्ट की निगरानी के दवाओं की होम डिलीवरी से नकली और एक्सपायरी दवाओं का खतरा बढ़ रहा है। साथ ही ई-फार्मेसी कंपनियों द्वारा कम कीमत पर दवा बेचने की नीति से छोटे और मध्यम मेडिकल व्यवसायियों का अस्तित्व संकट में आ गया है।
Continue With Google
Comments (0)